मीरा-भायंदर महानगरपालिका में हार के बाद शिवसेना ने बुधवार को बीजेपी पर आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के लिए उसने 'मनी' और 'मुनि' का उपयोग किया। बीजेपी ने धर्म के आधार पर वोट देने की अपील की, जो आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन है। इस मसले को शिवसेना चुनाव आयोग का दरवाजा खटखटाएगी।
मीरा भायंदर के संपर्क प्रमुख विधायक प्रताप सरनाईक और सांसद संजय राऊत ने पत्रकार वार्ता में कहा कि मनपा चुनाव में जैन मुनि नैपद्म सागरजी महाराज ने बीजेपी के पक्ष में वोट देने की अपील की थी। इसके पहले जामा मस्जिद के इमाम ने इसी तरह के फतवे जारी करते थे। उसी तर्ज पर जैन मुनि ने किया। राऊत ने कहा कि इस तरह के फतवे जारी करने वाले सरकारी गुंडे हैं। इनकी तुलना मैं जाकिर नाईक से करूंगा। इसको लेकर हमने केंद्र व राज्य चुनाव आयोग से शिकायत की है।
शिवसेना के बयान पर बीजेपी ने कटाक्ष किया है। मुंबई बीजेपी अध्यक्ष आशीष शेलार ने कहा, 'यह चोरों और लुटेरों की हार है। चुनाव में मिली हार के बाद मैं उनकी मनोदशा समझ सकता हूं। प्रदेश पार्टी प्रवक्ता माधव भंडारी ने प्रेस नोट जारी कर कहा कि चुनाव में मिल रही हार का कारण खोजने की बजाय पार्टी मुनियों पर ऊटपटांग बयान दे रही है।

No comments:
Post a Comment