Post Page Advertisement [Top]




पश्चिमी जापान में सोमवार सुबह 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई। वैसे स्थानीय मीडिया ने कई लोगों के मरने की आशंका जताई है। नुकसान कितना हुआ है, अभी तक इसका सही अंदाजा नहीं लग पाया है। मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र ओसाका प्रांत का उत्तरी हिस्सा था। फिलहाल, सुनामी की चेतावनी जारी नहीं की गई है। शुरुआत में भूकंप की तीव्रता 5.9 आंकी गई थी, लेकिन बाद में यह बढ़कर 6.1 हो गई। ओसाका इलाके में ट्रेन सर्विस को बंद कर दिया गया और उड़ानें भी रोक दी गईं।

क्योदो न्यूज एजेंसी के मुताबिक, भूकंप के झटके की वजह से ओसाका में स्वीमिंग पूल के पास दीवार ढहने से 80 साल के बुजुर्ग और एक 9 साल की बच्ची को गंभीर चोटें आईं। बाद में इनकी मौत हो गई। भूकंप की वजह से कई लोगों को कार्डियक अरेस्ट आने की जानकारी भी मिली है। कंसाई इलेक्ट्रिक पावर ने कहा कि भूकंप के बाद मिहामा और ताकाहामा परमाणु संयंत्रों में किसी प्रकार की गड़बड़ी नहीं देखी गई। वैसे एहतियातन ओसाका और इसके पड़ोसी प्रांत ह्योगो में बिजली सप्लाई रोक दी गई है। इसका करीब 1 लाख 70 हजार परिवारों पर असर हुआ है।

सरकार ने कहा है कि हम नुकसान का आकलन कर रहे हैं, लेकिन लोगों को सुरक्षा देना हमारी पहली जिम्मेदारी है। जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, ओसाका प्रांत में 1923 के बाद पहली बार इतनी तीव्रता का भूकंप आया है। 11 मार्च, 2011 को ईस्ट जापान में 9 तीव्रता का भूकंप आया था। इसमें 18 हजार लोगों की जान चली गई थी। सुनामी की वजह से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ था। फुकुशिमा न्यूक्लियर पावर प्लांट को भी नुकसान पहुंचा था।

No comments:

Post a Comment

Total Pageviews

Bottom Ad [Post Page]