पहले भले ही लोग सर्दियों में पहाड़ों पर घूमने जाने से कतराते थे पर अब बेसब्री से सर्दियों का इंतजार करते हैं ताकि बर्फीली वादियों की सैर कर सकें क्योंकि चाहे स्नोफॉल का मजा लेना हो या बर्फ पर घूमना हो या फिर स्लेजिंग और स्कीइंग के खेल का मजा लेना हो, यह सब तभी संभव हो पाएगा जब आप सर्दियों में बर्फीले पहाड़ों की सैर करने का मन बनाएंगे| आसमान से सफेद रुई जैसी बर्फ जब आप के शरीर से टकराती है तो उस अनुभव को शब्दों में बयां कर पाना मुश्किल है| घूमने-फिरने के इस मौसम में विदेशी सैलानी भी भारत का रुख करते हैं| अगर आपका भी सैर-सपाटे का मन है तो निकल पडि़ए भारत के इन स्थानों का लुत्फ उठाने के लिए
कसौली: मिनी शिमला कहा जाने वाला मशहूर कसौली, पहाड़ों से घिरा एक छोटा-सा शहर है, जो फर, रोडोडेंड्रॉन, अखरोट, ओक के लिए मशहूर है। यहां हिमालय से बादलों की पल-पल बनने-बिगडऩे वाली खूबसूरत छवियों को देख सकते हैं। कसौली प्रसिद्ध लेखक रस्सकिन बॉन्ड का जन्मस्थान भी है।
हनीमून डैस्टिनेशन कुल्लू-मनाली: हिमालय का जो सौंदर्य व्यास नदी के तट पर बसे कुल्लू-मनाली में दिखता है, वह शायद ही और कहीं देखने को मिले| एक ओर कलकल बहती व्यास नदी तो दूसरी ओर आसमान को छूती पर्वतशृंखलाएं किसी को भी रोमांचित कर सकती हैं| मनाली अपने सुंदर वनों, भरे-पूरे फलों के बागानों और हसीन वादियों के कारण हर किसी को लुभाता है। दिसंबर माह के मध्य तक पूरा मनाली बर्फ से ढक जाता है। यहां की बर्फीली वादियां देखकर आप कुदरत की तारीफ किए बिना नही रह पाएंगे। सर्दियों में यहां राफ्टिंग और पैराग्लाइडिंग का लुफ्त उठाने वाले पर्यटक की संख्या काफी होती है। अगर आप अधिक रोमांच चाहते हैं तो मनाली के उत्तर में सोलांग नल्ला आपका स्वागत करता है। यहां पर पर्वतारोहण, ट्रैकिंग के लिए भी ढेर सारी जगहें आपको रोमांचित कर सकती हैं।
ज़मीं की जन्नत माने जाने वाले कश्मीर की ख़ूबसूरत वादियों में महकते यह ट्यूलिप के फूल जब अपना जादू बिखेर देते हैं तो सम्मोहित खड़े रह कर बस यही गाना याद आता है।
कुफरी: शहर की भीड़-भाड़ और ट्रेफिक के शोर-शराबे से दूर कुछ दिन हिमालय के कुफरी की सुंदरता के बीच रहना बेहद खूबसूरत एहसास हो सकता है। यह जगह बर्फ की सफेदी के बीच जन्नत जैसी लगती है। यहां की ताजगी और ठंडक आपको तरोताजा कर देगी| अगर फोटोग्राफी का शौक है तो यहां के लैंडस्केप और नजारे परफेक्ट पिक्चर लेने में आपकी मदद कर सकते हैं। कुफरी में स्कीइंग का भरपूर मजा लिया जा सकता है और अगर आप ठिठुरती ठंडी हवाओं के बीच सुंदर बाजार, पहाड़ों पर घूमने का आनंद उठाना चाहते हैं तो धर्मशाला आपके लिए उत्तम जगह है। यह दोनों जगह ना केवल परिवार के साथ जाने के लिए अच्छी है बल्कि यदि आप दोस्तों के साथ जा रहे हैं तो भी इसका अलग ही आनंद है। बर्फीली बारिश, सफेद चादर से ढके हुए ऊंचे-ऊंचे पहाड़ और चारों ओर सुंदर नजारा, इन सब के बीच बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठा सकते हैं।
लेह-लद्दाख: तेज ठंड और ऊंचे पहाड़ों पर ट्रैकिंग और स्काई डाईविंग का मजा लेना है तो आप लेह-लद्दाख जरूर जाएं। ठंड मौसम में बर्फबारी और बर्फ की चादर से ढका हुआ पहाड़ दिल को सुकून देने के लिए काफी है। यहां पूरा साल मौसम बेहद खुशगवार बना रहता है लेकिन ठंड में बर्फबारी की शीतलता दिल को छू लेती है।
श्रीनगर: कश्मीर का सबसे बड़ा शहर श्रीनगर अपनी विशिष्टताओं के कारण देशी-विदेशी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र है। अनेक जातियां, संस्कृतियों व भाषाओं का संगम बना यह शहर एक खूबसूरत पर्यटन स्थल भी है। यहां बर्फबारी के मौके पर हर तरफ लोग खूब मौज-मस्ती करते हैं और आपस में एक-दूसरे पर बर्फ के गोले बनाकर फेकते, हंसतें और भरपूर आनन्द उठाते हैं।
पटनीटॉप: पटनीटॉप, जम्मू और कश्मीर के उधमपुर जिले में स्थित एक सुंदर हिल रिसॉर्ट है। ठंड के मौसम में विभिन्न बाहरी गतिविधियों जैसे स्कीइंग और ट्रेकिंग में भाग लेने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पटनीटॉप आते हैं। यहां गोल्फ, पैराग्लाइडिंग, एरो स्पोर्ट्स, घुड़सवारी और फोटोग्राफी का लुत्फ उठा सकते हैं। यहां देवदार के घने जंगल, घुमावदार पहाडिय़ां, लुभावने दृश्य पिकनिक के लिए एक आदर्श स्थान बनाते हैं।
पहलगाम: कश्मीर का हर कोना जन्नत में होने का एहसास कराता है| करीब नौ हजार फुट की ऊंचाई पर बसे पहलगाम में बर्फबारी का लुत्फ उठा सकते हैं। सफेद बर्फ से ढके उंचे-उंचे पहाड़, नदियों के किनारे, नरम धूप का मजा, फिर रात की बढ़ती ठंड में होटल के अंदर मजेदार कश्मीरी खाने का आनंद, यह सब बहुत कम बजट में पहलगाम में ही मुमकिन हो जाता है।
गुलमर्ग: जम्मू-कश्मीर के बारामुला जिले में स्थित गुलमर्ग फूलों की खूबसूरत और धरती का स्वर्ग और बेमिसाल हिल स्टेशन है। बर्फ से ढंकी पहाडिय़ां का नजारा देखकर शायद किसी का वापस लौटने का मन करे। प्राकृतिक नजारों से भरपूर गुलमर्ग में कहीं पहाडिय़ों पर दूर तक जमी बर्फ तो कहीं धरती पर चादर की तरह फैले फूल हर किसी के मन को मोह लेता हैं। यहां गुलमर्ग के पहाड़ी रिसोर्ट में भ्रमण करने और खूबसूरत वादियों के बीच स्कीइंग, पैराग्लाइडिंग और ऊंची केबल कार का भरपूर आनंद उठा सकते हैं।
रोहतांग दर्रा: रोहतांग में प्रकृति के विराट दर्शन देखने को मिलते हैं। यहां की उन्मुक्त वातावरण वास्तव में किसी स्वर्ग से कम नही हैं। बर्फ से ढकी सुन्दर हिमालय पर्वतमाला मन को मन्त्र-मुग्ध कर देती हैं। यहां अक्सर बादल पहाड़ों से नीचे नजर आते हैं। रोहतांग में बर्फ में होने वाले साहसिक और रोमांचक खेल जैसे स्कीइंग, स्लेज से बर्फ पर चलना, ढलान से स्नोमीटर से फिसलना बहुत ही रोमांचकारी है।
धनौलटी: बर्फ की चादर से ढका धनौलटी उत्तराखंड का एक खूबसूरत पर्यटन स्थल है। बर्फ की वादियों में अपनी बिजी लाइफ से थोड़ा ब्रेक लेकर अपने विकेंड को कई खूबसूरत यादों से भर सकते हैं। पहाड़, घने बादल, जंगल में कहीं दूर चहकती पक्षियों की आवाज और बारिश के बाद की भिनी-भिनी मिट्टी की खुशबू यहां का सफर और खुशनुमा बना देती है।
मुनसियारी: गौरीगंगा नदी के किनारे बसा मुनसियारी ठंड के मौसम में बेहद खूबसूरत नजर आता है। यहां पहाड़ों व ग्लेशियर के बीच ट्रेकिंग का आनंद ही बेहद रोमांचक और सुहावना होता है। यहां घने बादलों की अठखेलियां, चारों और हरी दुशाला ओढ़े घाटियां, रंग बिरंगे फूल, विशाल वृक्ष और ठंडी हवाएं हर किसी का मन मोह लेता है।
No comments:
Post a Comment