Post Page Advertisement [Top]









रोहिणी जेल के पास बुधवार को हुए एक महिला के मर्डर की मिस्ट्री सुलझाने का दिल्ली पुलिस ने दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला के पति ने जुर्म कबूल कर लिया है। पति के छह अफेयर थे। पत्नी से निजात पाने के लिए उसने बदमाशों द्वारा कार पर हमले की झूठी कहानी रची थी। पूछताछ में उसने कबूला कि उसने ही दो साल के बेटे के सामने पत्नी पर गोली चलाई थी। दोनों ने 2007 में लव मैरिज की थी।

पति ने एक दिन पहले क्या दावा किया था?

- रोहिणी सेक्टर-15 के रहने वाले पंकज मेहरा (35) ने पुलिस को पहले बयान दिया था कि बुधवार तड़के वह अपनी पत्नी प्रिया मेहरा (34) और दो साल के बेटे नेयश के साथ बंगला साहब गुरुद्वारे से लौट रहा था। वह कार से मुकरबा चौक से रोहिणी की तरफ जा रहा था, तभी रोहिणी जेल से 20 कदम की दूरी पर एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार उसकी रिट्ज कार के सामने आकर रुकी।
- पंकज ने दावा किया था कि वे ड्राइविंग सीट पर थे। बाजू में पत्नी प्रिया बैठी थी। स्विफ्ट में सवार चार बदमाशों में से एक ने पत्नी की तरफ जाकर पिस्टल से शीशा तोड़ दिया। पंकज ने बदमाश के हाथ से पिस्टल छीनने की कोशिश की, तभी उसने फायरिंग कर दी। इसमें प्रिया की मौत हो गई।

पति का दावा था- पैसे नहीं चुकाने पर मोनू ने की हत्या
- पंकज के मुताबिक पिछले साल नोटबंदी के दौरान नवंबर में उसने मोनू से पांच लाख रुपए ब्याज पर लिए थे। यह रकम अब बढ़कर 40 लाख रुपए हो गई थी। इसी को लेकर उसका माेनू से विवाद था।

प्रिया का परिवार कह रहा था- पंकज ने ही प्रिया को मारा
- प्रिया के परिवार वालों को पहले ही पंकज पर शक था। उन्होंने दावा किया था कि पंकज के छह अफेयर थे और वह प्रिया को काफी परेशान करता था।

पति के बयान से उठे थे सवाल
- पंकज ने पुलिस को जो बयान दिया था उससे तीन सवाल खड़े हुए थे। पहला- नोटबंदी के समय मोनू से पांच लाख रुपए का कर्जा लिया था, लेकिन मोनू से 2014 से ही लेन-देन चल रहा था। ऐसे में उसने अपने साथियों की मदद से पंकज की पत्नी की हत्या की साजिश अचानक क्यों रची?
- दूसरा- पंकज को एक भी गोली नहीं लगी, न ज्यादा चोटें आईं? तीसरा- पंकज के परिवार का दावा है कि दोनों खुश थे, जबकि प्रिया के परिजन के मुताबिक दोनों में पंकज के अफेयर को लेकर विवाद था।

कड़ी पूछताछ में पंकज ने जुर्म कबूला
- दिल्ली पुलिस ने DainikBhaskar.com को बताया कि पंकज ने पूछताछ में मर्डर की बात कबूल करते हुए कहा कि उसने ही दो साल के बेटे के सामने पत्नी प्रिया को गोली मारी। उसने बदमाशों द्वारा कार पर हमले की झूठी कहानी रची। जबकि वह खुद ही पत्नी की हत्या कर चुका था। प्रिया को एक गोली गाल पर और दूसरी गर्दन पर लगी थी। पंकज ने घायल पत्नी को हॉस्पिटल में इलाज नहीं मिलने की भी झूठी गवाही दी थी।
- पुलिस अब यह जांच कर रही है कि पंकज को हथियार किसने मुहैया कराया?

No comments:

Post a Comment

Total Pageviews

Bottom Ad [Post Page]