Post Page Advertisement [Top]



मुंबई/ गोडवाड ज्योती: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को केरल के बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता के लिए मुंबई के जैन समाज व जैन इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन (जिओ) की ओर से 51 लाख रुपए का चेक व 50 लाख रुपए की सामग्री दी गई। जैन संत नयपद्म सागर महाराज, बीजेपी के वरिष्ठ विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा एवं जैन समाज के कई प्रमुख लोगों की उपस्थिति में मुख्यमंत्री फडणवीस ने राहत सामग्री से भरे पांच ट्रक केरल के लिए रवाना किए। ताड़देव में बुधवार को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में झंडी दिखाकर राहत सामग्री रवाना की गई। राहत सामग्री की इस पहली खेप में बाढ़ पीड़ितों के लिए दवाइयां, बर्तन, कंबल आदि जैसा तत्कालिक जरूरत का सामान हैं। मुख्यमंत्री को विश्वास दिलाया गया कि अगले कुछ ही दिनों में ‘जिओ’ की ओर से डॉक्टर्स फेडरेशन की टीम केरल में चिकित्सा सहायता के लिए रवाना होगी। मुख्यमंत्री ने इस सहायता के लिए नयपद्म सागर महाराज व जैन समाज का आभार जताया है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि केरल की विपदा किसी प्रलय जैसी भयंकर विपदा है और हम सब इसे अपनी विपदा मानकर केरल के साथ खड़े हैं। बाढ़ पीड़ितों के सहयोग के लिए 50 लाख की कीमत का सारा नया सामान बाजार से खरीदकर लाने के लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्कार हमारा सबसे बड़ा धन होता है और हमें ये संस्कार ही देने के लिए प्रेरित करते हैं। इन्हीं संस्कारों से सिंचित जैन समाज हमेशा संकट के समय लोगों के साथ खड़ा रहता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केरल के लिए महाराष्ट्र सरकार ने 20 करोड़ रुपए की सहायता राशि भेजी है। साथ ही सबसे ज्यादा मेडीकल टीम भी महाराष्ट्र से ही केरल पहुंची हैं। विख्यात जैन संत नयपद्म सागर महाराज की प्रेरणा से 50 लाख रुपए की राहत सामग्री एवं 51 लाख के चैक की धनराशि जुटाई गई है। मुख्यमंत्री को नयपद्म सागर ने आश्वस्त किया कि जरूरत पड़ी तो जैन समाज केरल में बाढ़ में फंसे लोगों की मदद के लिए और भी सहायता देगा।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने यह पहली राहत खेप अपने हाथों से झंडी दिखाकर रवाना की। इस अवसर पर विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा के अलावा विधायक राज के पुरोहित, नगरसेवक अतुल शाह, पूर्व महापौर मीरा भायंदर श्रीमती गीता जैन, ए के संघवी, पृथ्वीराज कोठारी, वीरेंद्रभाई शाह, बाबूलाल बोहरा, आशीष शाह, घेवरचंद बोहरा, हीरालाल संघवी, बाबूलाल वर्धन, नवीन मेहता, सुरेश बाफना, अम्बर कानूनगो, शैलेष वर्धन, ‘जिओ’ के पदाधिकारी एवं जैन समाज के कई सामाजिक संगठनों व जैन संघों से जुड़े लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

No comments:

Post a Comment

Total Pageviews

Bottom Ad [Post Page]