सादडी। सड़क हादसे में दूसरे घायल की भी मौत के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह आठ बजे मृतक के शव को सादडी थाने के आगे रखकर एक घण्टे तक प्रदर्शन किया। यह सड़क हादसा 27 जुलाई को सादडी-देसूरी सड़क मार्ग स्थित एस्सार पेट्रोल पंप के पास देर रात हुआ था। सुथारों का गुडा निवासी प्रवीण पुत्र मोहनलाल माली व जगदीश पुत्र नगराज प्रजापत सादडी से अपने घर सुथारों गुडा जा रहे थे। तभी सामने से आ रही एक जीप ने मोटरसाइकिल सवार दोनो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया।
गम्भीर रूप से घायल दोनों घायलों को सादडी अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उदयपुर रैफर कर दिया गया था। लेकिन उपचार के दौरान प्रवीण पुत्र मोहनलाल माली की मौत हो गयी। इस के बाद बुधवार को दूसरे घायल जगदीश पुत्र नगराज प्रजापत की भी मौत हो गई। इसी के साथ एक सप्ताह बाद भी आरोपी जीप चालक की गिरफ्तारी न होने से लोगों में पुलिस के प्रति रोष फैल गया।
जिसके चलते गुरुवार सुबह परिजनों व बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने मृतक जगदीश का शव थाने के आगे रख दिया और प्रदर्शन कर मृतक को मुआवजा दिलाने और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। शव उदयपुर से 4 बजे ही पहुंच गया था। इस प्रदर्शन में काफी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थी। इस बीच ग्रामीणों ने एसएचओ के थाने से बाहर न आने पर नाराजगी जताते हुए नारेबाजी भी की।
बाद में एएसआई रणजीतसिंह व मनोहरसिंह की समझाइश के बाद प्रदर्शनकारी शव का पोस्टमार्टम कराने पर सहमत हो गए। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का सुथारों का गुड़ा में अंतिम संस्कार होगा। ग्रामीणों ने दो दिन में गिरफ्तारी न होने पर पुलिस को पुनः प्रदर्शन की चेतावनी दी हैं।
No comments:
Post a Comment