Post Page Advertisement [Top]

पलावा में जैन मंदिर का प्रतिष्ठा महोत्सव 19 मार्च को, हजारों लोग भाग लेंगे
11 मार्च, 2020





गोडवाड़ ज्योती/मुंबई। अंतर्राष्ट्रीय स्तर की टाउनशिप लोढ़ा पलावा सिटी में नवनिर्मित शिखरबद्ध जैन मंदिर में श्री विमलनाथ भगवान की प्रतिष्ठा 19 मार्च को होगी।  गच्छाधिपति आचार्य श्रीमद विजय ऋषभचंद्र सूरीश्वर महाराज की पावन निश्रा में प्रतिष्ठा महोत्सव 22 मार्च को शक्रस्तव अभिषेक के साथ संपन्न होगा। लोढ़ा फाउंडेशन एवं साहित्यरत्न श्रीमती मंजू मंगल प्रभात लोढ़ा परिवार द्वारा निर्मित इस अत्यंत भव्य शिखरबद्ध मंदिर में 13वें तीर्थंकर श्री विमलनाथ भगवान बिराजेंगे। डोंबिवली पूर्व स्थित बदलापुर काटई रोड पर निर्मित इस अत्यंत भव्य मंदिर के प्रतिष्ठा महोत्सव में आने के लिए डोंबिवली व कल्याण स्टेशन से बस की सुविधा की व्यवस्था की गई है। इस प्रतिष्ठा महोत्सव में हजारों लोग भाग लेंगे।


महोत्सव की कार्यक्रमावली के अनुसार पलावा सिटी में 17 मार्च को साधु - साध्वी भगवंतों तथा जिनबिंबों का मंगल प्रवेश होगा एवं 18 मार्च को प्रातः शुभ मुहूर्त में श्री 108 पार्श्वनाथ महापूजन होगा। श्री विमलनाथ भगवान की प्राणप्रतिष्ठा 19 मार्च को सुबह शुभ मुहूर्त में होगी एवं दोपहर विजय मुहूर्त में अष्टोत्तर शांतिस्नात्र महापूजा का आयोजन होगा। इसके पश्चात 20 मार्च को सुबह 6 बजे द्वारोद्घाटन के बाद 9 बजे सत्तरभेदी पूजा होगी एवं 21 मार्च सुबह 7 बजे 108 अभिषेक का आयोजन होगा। 22 मार्च को सुबह 7 बजे से शक्रस्तव अभिषेक होगा। अभिषेक का लाभ लेने के लिए पूजा के वस्त्र मंदिर परिसर में उपलब्ध रहेंगे। इस प्रतिष्ठा महोत्सव में मुनिराज पीयूषचंद्र विजय महाराज, पुष्पेंद्र विजय महाराज, रजतचंद्र विजय महाराज, जिनचंद्र विजय महाराज, रूपचंद्र विजय महाराज, जनकचंद्र विजय महाराज, जीतचंद्र विजय महाराज, जिनभद्र विजय महाराज एवं पूज्य शासन ज्योति साध्वी श्री महेंद्रश्रीजी की सुशिष्या रश्मिरेखाश्रीजी, विरागयशाश्रीजी, कीर्तियशाश्रीजी एऐवं कुसुमयशाश्रीजी आदि साधु साध्वीवृंद विशेष रुप से उपस्थित रहेंगे। लोढ़ा फाउंडेशन की चेयरपरसन एवं मंदिर की निर्माणकर्ता श्रीमती मंजू मंगल प्रभात लोढ़ा ने मुंबई सहित डोंबिवली, कल्याण, मोहने, उल्हासनगर, अंबरनाथ, नवी मुंबई, पनवेल आदि के श्रावक – श्राविकाओं सहित सकल संघ से इस प्रतिष्ठा महोत्सव में पधारने के लिए विनती की है।

No comments:

Post a Comment

Total Pageviews

Bottom Ad [Post Page]