गहलोत ने मुंबई में सिटी सेंटर की आग को दुखद बताया, उद्धव ठाकरे से सहायता की अपील भी की
मुंबई: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने मुंबई के सिटी सेंटर मॉल लगी आग पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री गहलोत ने इस आग में राजस्थानी व्यापारियों को हुए करोड़ के नुकसान पर संवेदना जताते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से प्रभावित लोगों को हर संभव मदद की अपील की है।
मुख्यमंत्री गहलोत ने मुंबई सेंट्रल स्थित सिटी सेंटर मॉल में भीषण आग की घटना पर ट्वीट करके राजस्थानी समाज को हुए भारी नुकसान पर दुख जताया है। राजनीतिक विश्लेषक निरंजन परिहार ने मुख्यमंत्री को इस मामले में पूरी जानकारी देते हुए आग से लगभग 300 करोड़ रुपये की संपत्ति पूरी तरह से खाक होने का अनुमान जताया और बताया कि सिटी सेंटर मुंबई सेंट्रल सहित देश का सबसे बड़ा मोबाइल फोन एक्सेसरीज का मार्केट है, जिसमें व्यापार का बहुत बड़ा हिस्सा राजस्थानी व्यपारियों के हाथ में है। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि सिटी सेंटर मॉल में राजस्थान के जालोर जिले की भीनमाल, रानीवाड़ा एवं सांचौर तहसीलों के प्रवासियों की सबसे ज्यादा दुकानें हैं और उन्हीं को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। मुख्यमंत्री को भेजी जानकारी में परिहार ने बताया कि सिटी सेंटर के इन व्यापारियों में चौधरी, पुरोहित, देवासी, जैन, राजपूत, माली आदि विभिन्न समाज के ज्यादातर लोग है, जिनको बड़ा नुकसान हुआ है। उल्लेखनीय है कि गुरुवार की शाम साढ़े सात बजे लगी यह आग दूसरे दिन शुक्रवार दोपहर तक बुझी नहीं। 26 फायर बिग्रेड की गाड़ियां आग बुझाने में लगी लेकिन आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका। इस आग में सिटी सेंटर जलकर खाक हो गया है एवं इस नुकसान से सैकड़ों राजस्थानी व्यापारियों को लॉकडाउन में डबल मार पड़ी है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से इस आगजनी के नुकसान से प्रभावित लोगों की सहायता की अपील की है। गहलोत ने एक ट्वीट के जरिए व्यापारियों को हुए नुकसान कर दुख व्यक्त किया है।
No comments:
Post a Comment