देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बारिश के चलते अब तक 5 लोगों की मौत हो गई है। शहर की सड़कें बारिश के पानी से लबालब भरी हुई हैं और खुले मैनहोल लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। इस बीच शहर के नामी डॉक्टर दीपक अमरापुरकर के लापता होने की खबर मिली है। वह मंगलवार की शाम 6:45 बजे से लापता बताए जा रहे हैं। सीनियर डॉक्टर को आखिरी बार बॉम्बे हॉस्पिटल से लौटते वक्त देखा गया था। इस बीच पुलिस ने उनके लापता होने का केस दर्ज कर लिया है। उनके मैनहोल में गिरने की भी आशंका जताई जा रही है।
डॉक्टर की भतीजी पल्लवी गोडबोले ने बताया, 'उन्होंने ड्राइवर से कहा था कि वह कार को घर ले जाए और वह यह सोचकर ही पैदल ही घर के लिए निकले थे कि 10 मिनट में घर पहुंच जाएंगे। वह जहां पर थे, वहां से हमारा घर सिर्फ 10 मिनट की दूरी पर है।' लोअर परेल में स्थित इंडिया बुल्स के नजदीक उनका छाता पाए जाने के बाद संदेह और गहरा हो गया है। परिवार के लोगों को आशंका है कि संभवत: सड़क पर पानी भरे होने के चलते वह मैनहोल में गिर गए होंगे।

No comments:
Post a Comment