फतेहपुर रोड स्थित सिटी हॉस्पिटल के पास गुरुवार को चूरू डिपाे की रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युनुस भाटी (30) घायल हो गया। उसे एसके अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रैफर कर दिया गया। हादसे के बाद भीड़ उग्र हो गई और रोडवेज बस को आग लगा दी। लोगों का आरोप था कि चालक नशे में था। हादसे के बाद भी बस नहीं रोकी और घायल युवक को घसीटते हुए आगे ले गया।
- भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया। 20 वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। आधा दर्जन पुलिसकर्मियों सहित एक दर्जन चोटिल हो गए।
- 3 घंटे चले हंगामे के बाद पुलिस ने 100 लोगों को हिरासत में लिया गया है। देर रात जयपुर में युनूस की मौत हो गई।
- इससे पहले शाम को हादसे के बाद भीड़ ने बस कंडक्टर को पकड़ लिया। साउथ पुलिस चौकी प्रभारी शिवराजसिंह पर भी लोगों ने हमला कर दिया। उनके सिर में चोट आई।
- सैकड़ों की भीड़ का काबू करने के लिए मौके पर महज 20 पुलिसकर्मी थे। भीड़ ने बस जला दी। इसके बाद कई थानों और पुलिस लाइन से जाब्ता मौके पर पहुंचा।
- पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। आंसूगैस छोड़नी पड़ी। उपद्रवियों को दुकानों से बाहर निकालकर पीटा। लोगों ने पुलिस की सिगमा बाइक को भी आग लगा दी।
हंगामे के 3 बड़े कारण: पुलिस लाइन से घटनास्थल छह मिनट दूर, पुलिस को एक घंटा लग गया
1. हादसे के बाद युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचा दिया गया, लेकिन पीछे दुर्घटना स्थल पर अफवाह फैल गई कि घायल युवक को बस 20 फीट तक घसीटते हुए ले गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे आसपास के इलाके से भीड़ घटना स्थल पर जमा हो गई। युवक की देररात मौत हो गई।
2. चौकी प्रभारी से झड़प के बाद भी जाब्ता मौके पर नहीं पहुंच पाया। 20 जवान भीड़ से संघर्ष करते रहे। करीब एक घंटे बाद अतिरिक्त जाब्ता मौके पर पहुंचा। एएसपी डॉ. तेजपाल का कहना है कि हंगामे के दौरान पूरा रास्ता जाम हो गया। पुलिसकर्मियों को पैदल घटनास्थल पर पहुंचना पड़ा।
3. मामले को शांत करने की बजाय लोग रोडवेज परिचालक से उलझने लगे। कुछ ही देर में लोग इससे मारपीट करने लगे और गाड़ी में तोडफ़ोड़ शुरू कर दी। साउथ चौकी प्रभारी ने बीच बचाव कर चालक को छुड़वाया, लेकिन खुद चोटिल हो गए।
शाम 6 से 9 बजे तक विवाद झेला शहर ने
- 5:15 बजे रोडवेज बस की टक्कर से युवक घायल हो गया।
- 6:00 बजे गुस्साई भीड़ मौके पर पहुंची और हंगामा शुरू कर दिया।
- 6:30 बजे गुस्साई भीड़ ने बस जलाई दी। इसके बाद अतिरिक्त जाब्ता पहुंचा।
- 9:00 बजे स्थिति नियंत्रण में आई। हालांकि देर रात तक जाब्ता तैनात था।



No comments:
Post a Comment