Post Page Advertisement [Top]



जोधपुर। जोधपुर सहित समूचे मारवाड़ में बादलों ने अपना डेरा बना रखा है। मानसून की धीमी पड़ी चाल से लोग अब इसके लिए इंतजार कर रहे है। आज सुबह सूर्यनगर के कई इलाकों में रिमझिम फुव्वारें गिरी। बादल छाए रहने से तापमान में कमी आने से लोगों को गर्मी से अवश्य राहत मिल गई। मगर उमस अब कुछ बाकी है। कमोबेश ऐसा ही मौसम पूरे मारवाड़ में चल रहा है। मानसून के शुरुआती दौर में हुई बारिश के बाद अब लोग अच्छी बारिश के इंतजार में है।

बाड़मेर, जैसलमेर, पाली, जालोर व सिरोही में चार दिन से बारिश नहीं हुई है। बादलों से जोधपुर के तापमान में गिरावट आई है। आज जोधपुर का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

चक्रवाती हवा का संचार बना:
मौसम विभाग का कहना है कि गुजरात की सीमा के निकट दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर चक्रवाती हवा का एक परिसंचार तंत्र विकसित हो रहा है। इसके आगे बढऩे की संभावना है। ऐसे में पूरे मारवाड़ में एक बार बादल मेहरबान हो सकते है। फिलहाल बादलों की आवाजाही का दौर जारी रहेगा। दक्षिण पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिम राजस्थान के लोगों को जोरदार बारिश के लिए फिलहाल कुछ इंतजार करना पड़ सकता है।

किसान हो रहे निराश:
पिछले दिनों मानसून सक्रिय होने से लोगों को अच्छी बारिश की आस बंधी थी। कई जगह अच्छी बारिश हुई भी थी। इसके चलते किसानों ने हल जोतना शुरू कर दिया था। इसके बाद बारिश नहीं होने से किसानों में निराशा छा गई है। अमूमन जोधपुर में मानसून जुलाई के पहले सप्ताह से आता है। इस बार मानसून जल्दी तो आ गया मगर निराश कर गया। जोधपुर शहर तो आधा सूखा ही रह गया।

मारवाड़ में झमाझम बारिश का इंतजार:
जोधपुर संभाग के बाड़मेर, जैसलमेर, पाली, जालोर व सिरोही जिलों में भी आसमान में हल्के बादल छाए हुए अवश्य है, लेकिन बरस नहीं रहे है। संभाग में मानसून हालांकि सक्रिय हो चुका है लेकिन लोगों को अभी तक झमाझम बारिश का इंतजार ही है।

No comments:

Post a Comment

Total Pageviews

Bottom Ad [Post Page]