Post Page Advertisement [Top]

मुंबई/ गोडवाड ज्योति: भगवान महावीर स्वामी का 2618वां जन्म कल्याणक महोत्सव मुंबई और सटे उपनगरों में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया, जिसके तहत विशाल शोभा यात्रा, मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान आदि किये गये| भारत जैन महामंडल द्वारा दादर (पूर्व) स्थित योगी सभागृह में भगवान महावीर के 2618वें जन्म कल्याणक महोत्सव का आयोजन किया गया। इस मौके पर आचार्य सागरचंद्र 'सागर' सूरीश्वरजी, गच्छाधिपति आचार्य भावचंद्र विजयजी, मुनि जयकीर्तिजी तथा आचार्य महाश्रमण के आज्ञानुवर्ती आगम मनीषी प्रो. मुनिश्री महेंद्रकुमारजी सहित कई जैन संत उपस्थित थे। महोत्सव में जैन मुनियों ने भगवान महावीर स्वामी के दिए गए संदेशों पर प्रकाश डाला और आधुनिक युग में उनका महत्व समझाते हुए भगवान महावीर को नायक और जैन धर्म की पहचान की महत्ता को बताया और कहा कि सरकार के आंकड़ों में जैन समाज की जनसंख्या सिर्फ 50 लाख बताई जाती है, मगर हमें यह याद रखना होगा कि पूर्व में कई राज्यों में जैन समाज के शासकों का शासन था। आचार्य सागरचंद्र सूरीश्वरजी ने जैन एकता पर जोर देते हुए कहा कि अब हमें एक साथ मिलकर काम करना होगा। इस अवसर पर गच्छाधिपति आचार्य भावचंद्र विजयजी, मुनिश्री जयकीर्तिजी, प्रो मुनिश्री महेंद्रकुमारजी ने भी उपस्थित जनसमुदाय का मार्गदर्शन किया। महामंडल की राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष गीता जैन ने जैन संप्रदायों को एक-दूसरे को सम्मान देने पर जोर दिया। इस अवसर पर आचार्य सागरचंद्र सागर रचित ग्रंथ का विमोचन किया गया और साथ ही विशेष रूप से उपस्थित फिल्म अभिनेता जीतेंद्र और सेंट्रल रेलवे के डीआरएम एस.के. जैन को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर भारत जैन महामंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. सी. जैन ने कहा कि दुनिया में चारों तरफ अनाचार, अत्याचार, भ्रष्टाचार, घृणा व विद्वेष का वातावरण बनता जा रहा है। इस अमानवीय प्रवाह को रोकने के लिए हमें भगवान महावीर के सन्देश को आत्मसात करना होगा। मंडल के राष्ट्रीय युवा विभाग अध्यक्ष बी. सी. जैन (भलावत) ने कहा कि सभी विषयों का समाधान महावीर के सिद्धांतों में निहित है। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भरत जैन, समारोह अध्यक्ष प्रकाश जैन, स्वागताध्यक्ष मूलचंद पाटनी, फिल्म अभिनेता जितेंद्र, ऑल इंडिया जैन श्वेतांबर कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष चंपालाल वर्धन, एस एल जैन, शोभा धारीवाल, केबिनेट मंत्री राज के. पुरोहित, विधायक मंगलप्रभात लोढ़ा, लायन सुरेश जैन, रमेश धाकड़, राजेंद्र पाटनी, गीता जैन आदि सहित जैन समाज के गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रकवि युगराज जैन ने किया।



No comments:

Post a Comment

Total Pageviews

Bottom Ad [Post Page]