Post Page Advertisement [Top]

मुंबई भाजपा की कमान फिर मंगल प्रभात लोढ़ा को

 लगातार 6 बार विधायक, कुशल संगठनकर्ता और मेहनती नेता की छवि
मुंबई। भारतीय जनता पार्टी के मुम्बई अध्यक्ष पद पर एक बार फिर से मनोनीत किये गए विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा एक सफलतम राजनेता हैं। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा उन्हें लगातार दूसरी बार अध्यक्ष नियुक्त किये जाने की घोषणा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने की। विधायक लोढा मुंबई की मलबार हिल विधानसभा सीट से सन 1995 से लगातार छठी बार विधायक हैं। 13 फरवरी 2020 को उन्हें फिर से मुंबई भारतीय जनता पार्टी का अध्यक्ष बनाया गया।
जोधपुर में 18 दिसंबर 1955 को जन्मे मंगल प्रभात लोढ़ा राजनीति को सेवा करने का जरिया मानते है। राष्ट्रवाद एवं राष्ट्रप्रेम की विचारधारा से प्रभावित श्री लोढ़ा शिक्षा प्राप्ति के दौरान बचपन से ही जोधपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद एवं जेपी आंदोलन से जुड़े रहे हैं। जोधपुर विश्वविद्यालय से उन्होंने बीकॉम के बाद एलएलबी की। जाने-माने न्यायविद एवं विख्यात राजनेता पूर्व सांसद जस्टिस गुमानमल लोढ़ा के ज्येष्ठ पुत्र मंगल प्रभात लोढ़ा जुझारू छवि वाले राजनेता के रूप में जाने जाते हैं।   
महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों से पहले 16 जुलाई 2019 को मंगल प्रभात लोढ़ा को मुंबई बीजेपी का अध्यक्ष बनाया गया था, जहां उन्होंने भरपूर मेहनत करके पार्टी को 17 में से 16 विधायक जिताकर जबरदस्त जीत दिलाई। दृढ़ निश्चयी एवं  मेहनती राजनेता की छवि वाले श्री लोढ़ा मुंबई में देश के सबसे प्रतिष्ठित इलाके मलबार हिल विधानसभा क्षेत्र से सन 1995, 1999, 2005 और 2009, 2014 तथा 2019 में लगातार छह बार चुनाव जीतकर महाराष्ट्र विधानसभा के सदस्य बने हैं। श्रेष्ठ वक्ता के रूप में विख्यात श्री लोढ़ा स्वच्छ छवि वाले राजनेता हैं। सन 2014 के लोकसभा चुनाव में श्री लोढ़ा महाराष्ट्र भारतीय जनता पार्टी के चुनाव अभियान समिति के संयोजक बनाए गए। सन 2009 से वे महाराष्ट्र बीजेपी के उपाध्यक्ष बने। मुंबई के आधारभूत विकास एवं सरकार के बीच वे सदा एक कड़ी के रूप में काम करते रहे हैं। सार्वजनिक हित का कोई भी कार्य हो, लोढ़ा हमेशा उन्हें सुलझाने में समाज के साथ खड़े रहे हैं। विधायक के रूप में श्री लोढ़ा का राष्ट्रीय स्तर पर भी बहुत बड़ा योगदान है। आरटीआई के बारे में महाराष्ट्र विधानसभा में सबसे पहला विधेयक श्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने ही पेश किया। अनेक व्यवधानों के बावजूद आरटीआई विधेयक को पास करवाकर देश में आरटीआई कानून बनवाने में सफल रहे।

इसी तरह, गोवंश वध के खिलाफ भी कानून बनवाने एवं महाराष्ट्र में एनिमल वेलफेअर बोर्ड की स्थापना में भी विधायक श्री लोढ़ा का सबसे महत्वपूर्ण हाथ रहा है। मुंबई में हुक्का पार्लरों को बंद करवाने का विधेयक भी लोढ़ा ने विधानसभा में पेश किया और उसे कानून बनवाकर ही दम लिया। मुंबई की करीब 50 हजार हाउसिंग सोसायटियों के लिए सरकार से अलग कानून बनवाने को श्री लोढ़ा का सबसे महत्वपूर्ण कार्य माना जाता है।
मंगल प्रभात लोढ़ा ने 1979 में राजस्थान हाईकोर्ट में वकालात शुरू की लेकिन उसी दौरान उनके पिता श्री गुमानमल लोढ़ा राजस्थान हाईकोर्ट में जज नियुक्त हो गए। मंगल प्रभात लोढ़ा के लिए यह  नैतिक मुश्किल थी, क्योंकि जिस कोर्ट में पिता जज हो, उसी कोर्ट में बेटे का वकालत करना नैतिकता के विरुद्ध होता। सो, नैतिकता को सर्वोपरि मानकर मंगल प्रभात लोढ़ा ने वकालत छोड़ दी और सन 1981 में मुंबई आकर व्यवसाय में जुट गए। इसी दौरान उन्होंने अपने लोढ़ा ग्रुप की नींव रखीं।
कुछ साल पहले उन्होंने अपने व्यावसायिक काम से निवृत्ति लेते हुए बेटे अभिषेक लोढ़ा एवं अभिनंदन लोढ़ा को उसकी कमान सौंप दी एवं स्वयं पूरी तरह से सामाजिक कार्यों को मजबूत करने के लिए राजनीतिक रूप से सक्रिय हैं।
गोडवाड़ ज्योती परिवार की ओर से खूब खूब अभिनंदन।

No comments:

Post a Comment

Total Pageviews

Bottom Ad [Post Page]